चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे युवाओं के समर्थन में अब विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी आगे आने लगे हैं। थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन की अगुवाई भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी तथा भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी कर रहे हैं। खास बात यह है कि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
धरने के दूसरे दिन आंदोलन स्थल पर पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष जय सिंह बिष्ट, जिला मंत्री अभिषेक मिश्रा, युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अंकुर देवराड़ी, छात्रसंघ महासचिव तनुजा जोशी, ग्राम प्रधान काखड़ा मनवर सिंह, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र सिंह बिष्ट, योगी ठाकुर सहित अन्य लोगों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के जिला अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह बिष्ट ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर युवाओं की मांगों का समर्थन किया। आंदोलनकारियों का कहना है कि थराली क्षेत्र की बड़ी आबादी आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जूझ रही है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि सीएचसी थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुधार को लेकर पूर्व में भी कई बार धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन दिए जा चुके हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चेपड़ो में आयोजित शहीद भवानी दत्त जोशी मेले के दौरान अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की घोषणा भी की थी। लेकिन आंदोलनकारियों का आरोप है कि अब तक प्रमुख मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर समय-समय पर उठते रहे सवालों और आवारा कुत्ते के अस्पताल के बेड पर आराम फरमाने के वायरल वीडियो ने भी स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को उजागर किया था।
आंदोलनकारियों ने साफ किया है कि जब तक उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर शासन-प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। दूसरे दिन विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों के समर्थन से आंदोलन को और मजबूती मिलने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि लगातार दूसरे दिन भी जारी इस आंदोलन के बाद स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन थराली की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर क्या कदम उठाते हैं, या फिर क्षेत्र की जनता को एक बार फिर आश्वासनों के भरोसे ही रहना पड़ेगा।

