चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )। चमोली जिले के ऐतिहासिक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ शनिवार (14 नवंबर) को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। सात दिवसीय यह मेला 20 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में लोक संस्कृति, खेल प्रतियोगिताओं, स्थानीय उत्पादों और विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। मेले को लेकर क्षेत्रीय लोगों, व्यापारियों और सांस्कृतिक दलों में खासा उत्साह है।
मेले के उद्घाटन समारोह की शुरुआत सुबह रावल देवता की पूजा-अर्चना और प्रभातफेरी से होगी। इसके बाद ध्वजारोहण, स्कूली बच्चों की मार्च पास्ट और सलामी के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन दिवस पर दौड़ प्रतियोगिता, शिशु प्रदर्शनी, नेहरू चित्रकला प्रतियोगिता और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की ओर से लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं, शाम को वीर भड़ माधो सिंह भंडारी पर आधारित गीत-नृत्य नाटिका का मंचन किया जाएगा। मेले में सरकारी और गैर सरकारी विभागों की ओर से प्रदर्शनी कक्ष लगाए जाएंगे। कृषि एवं उद्यान विभाग के स्टालों पर स्थानीय उत्पादों और कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सात दिनों तक खेल प्रतियोगिताओं के साथ कृषि, औद्योगिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, बैंकिंग और व्यापार से जुड़े विषयों पर गोष्ठियां भी आयोजित होंगी।
15 नवंबर को योग शिविर, खेल प्रतियोगिताएं और पर्यावरण संरक्षण के साथ बैंकिंग एवं व्यापार से जुड़ी गोष्ठियां आयोजित होंगी। 16 नवंबर को समाज कल्याण, कृषि और औद्योगिक विकास पर चर्चा के साथ कवि सम्मेलन और हास्य नाटिका होगी। 17 नवंबर को उद्यान विभाग की योजनाओं पर गोष्ठी और पंच सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दिन अनुराग शाह, उमा शंकर कला मंच कर्णप्रयाग, विमल बिष्ट एवं टीम, हिमांशु डबरियाल एवं टीम, अभिषेक एवं टीम, हिमनाद बैंड, विवेक नौटियाल और मंजू नौटियाल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
18 नवंबर को भूतपूर्व सैनिक एवं गौरव सैनानी सम्मेलन, आइटीबीपी जोशीमठ की बैंड प्रस्तुति, पत्रकार सम्मेलन और सम्मान समारोह आयोजित होगा। इस दिन जोनपुर की स्वजन सांस्कृतिक कला मंच की प्रस्तुति के साथ संकल्प खेतवाल, अंजू तोमर और सागर सहित अन्य कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 19 नवंबर को खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल, भाषण प्रतियोगिता, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर गोष्ठी और महिला सशक्तीकरण सम्मेलन आयोजित होगा। शाम को सुप्रसिद्ध पांडवाज बैंड की सांस्कृतिक संध्या सजेगी। इसे मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है।
मेले के अंतिम दिन 20 नवंबर को मुख्य अतिथि यशपाल आर्य का स्वागत किया जाएगा। इस दौरान लोक गायिका सरिता बैनोला की प्रस्तुति के साथ पौराणिक ढोल वादन, भैरव नृत्य और जागरी कार्यक्रम आयोजित होंगे। सात दिवसीय गौचर मेला स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच भी उपलब्ध कराएगा। मेले के माध्यम से पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

