देहरादून । समर वैली विद्यालय में शनिवार को बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसका संचालन शिक्षकों द्वारा किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने अपने विचारों एवं वक्तव्यों के माध्यम से बाल दिवस के महत्त्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिए। कार्यक्रम के अगले चरण में शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आनंद और उत्साह से भर दिया। शिक्षकों की इन विशेष प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और समारोह को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के मध्य एक रोमांचक क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया साथ ही मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों के मनोरंजन के लिए एक आकर्षक जादू के शो का आयोजन किया गया, जिसने बच्चों को रोमांच और आश्चर्य से भर दिया। समग्र रूप से, बाल दिवस समारोह विद्यार्थियों के लिए आनंद, उत्साह और स्नेह से भरा एक विशेष अवसर रहा।

