चमोली ( प्रदीप लखेड़ा ): पहाड़ के किसानों, काश्तकारों और स्थानीय युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चमोली जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से विकासखंड ज्योर्तिमठ में वृहद ऋण मेले का आयोजन किया गया। ऋण मेले में विभिन्न लाभार्थियों को कुल 66 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, स्वरोजगार और स्थानीय आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को आर्थिक मजबूती प्रदान करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि पहाड़ की वास्तविक समृद्धि तभी संभव है, जब यहां के किसानों, युवाओं और महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। सहकारी बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही ऋण सुविधाएं लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करने में मददगार साबित हो सकती हैं।उन्होंने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। इसके माध्यम से गांवों के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और आर्थिक योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वरोजगार को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग एवं बैंक की ओर से संचालित योजनाओं और ऋण सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत है कि स्थानीय लोगों को समय पर आर्थिक सहायता और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
ऋण मेले में 66 लाख रुपये का ऋण वितरण जोशीमठ क्षेत्र में स्थानीय आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में सहकारिता के माध्यम से गांवों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और अधिकाधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर ऋण मेले में मंडल अध्यक्ष अमित सती, संचालक प्रदीप फर्स्वाण, राकेश भंडारी, नगर पालिका पार्षद प्रवेश डिमरी, सौरव राणा, भगवती नंबूरी, लक्ष्मण फरकिया, जिला सहकारी बैंक के डीजीएम विश्व विजय सिंह तथा बैंक प्रबंधक अमित शाह सहित क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

