चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) चमोली, गौचर में डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित पांच दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला का आज समापन हो गया।कार्यशाला में मुख्य संदर्भदाता के रूप में बाल प्रहरी पत्रिका के संपादक श्री उदय किरौला ने प्रशिक्षुओं को बाल साहित्य एवं रचनात्मक लेखन की विभिन्न विधाओं से परिचित कराया।
कार्यशाला के समन्वयक डॉक्टर कमलेश कुमार मिश्र ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य संदर्भदाता उदय किरौला बाल पत्रिका बाल प्रहरी और ज्ञान विज्ञान बुलेटिन के संपादक हैं, वे भारत के 16 राज्यों में 350 से अधिक पांच दिवसीय बाल लेखन कार्यशाला कर चुके हैं, बच्चों की अभिव्यक्ति के लिए उनके द्वारा प्रतिदिन ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की जाती है जिसके अभी तक 1640 संस्करण हो चुके हैं , इस बार के कार्यशाला में पेपर मेसी का कार्य भी कराया गया पेपर मेसी में अखबारों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के उपकरण बनाए जाते हैं, 17 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षुओं को कहानी, कविता, निबंध, यात्रा वृत्तांत, डायरी आदि साहित्यिक विधाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को लेखन की बारीकियों, विचारों को रचनात्मक रूप देने, अपनी अनुभूतियों एवं अनुभवों को शब्दों में अभिव्यक्त करने तथा बाल साहित्य की विशेषताओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न विषयों पर रचनात्मक लेखन किया तथा बाल पत्रिका एवं दीवार पत्रिका का निर्माण किया। गतिविधि आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मकता एवं लेखन अभिव्यक्ति को विकसित करने का प्रयास किया। कार्यशाला में लेखन के प्रति रुचि विकसित करने तथा साहित्यिक गतिविधियों को शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। समापन अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली, गौचर के प्राचार्य श्री अनीनाथ उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशिक्षुओं की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की।
कार्यशाला का समन्वय डॉ. कमलेश कुमार मिश्र द्वारा किया गया। पांच दिवसीय कार्यशाला में प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा विभिन्न साहित्यिक विधाओं में लेखन एवं सृजनात्मक गतिविधियों के माध्यम से महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए l प्रशिक्षण में 30 प्रशिक्षुओं द्वारा प्रतिभाग किया गया, कार्यशाला के समापन सत्र का संचालन डॉक्टर कमलेश कुमार मिश्र द्वारा किया गया,

