बदरीनाथ धाम पहुंचे 23.49 लाख श्रद्धालु: निकला 485 टन कचरा, बिक्री से नगर पंचायत ने कमाए 9 लाख

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम में बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित हुआ। इस वर्ष यात्रा सीजन में बदरीनाथ नगर पंचायत ने 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसका प्रसंस्करण किया और बिक्री से नौ लाख रुपये की आय अर्जित की। चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। 16 नवंबर को कपाट बंद होने तक साढ़े छह माह की यात्रा अवधि में 23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए जिले के नगर निकायों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बदरीनाथ नगर पंचायत ने स्वच्छता के साथ कचरा प्रबंधन को आय का माध्यम बनाया है। नगर पंचायत ने इस वर्ष यात्रा काल में 485.9 टन कचरा एकत्रित एवं प्रसंस्कृत कर उसकी बिक्री से नौ लाख रुपये की आय अर्जित की है। जिलाधिकारी के अनुसार, बदरीनाथ नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सुबह और शाम दो पालियों में सफाई कराई गई। इसके साथ ही घर-घर कूड़ा संग्रहण अभियान के माध्यम से घरों से निकलने वाले कचरे को भी एकत्रित किया गया।उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरे के पुनर्चक्रण की यह पहल चारधाम यात्रा मार्गों को स्वच्छ बनाए रखने में मददगार साबित हो रही है। साथ ही इससे स्थानीय निकायों के लिए आर्थिक संसाधन जुटाने का भी माध्यम तैयार हो रहा है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बदरीनाथ धाम की यात्रा समाप्त होने के बाद भी नगर पंचायत की ओर से क्षेत्र में गहन सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर पंचायत की ओर से यात्रा सीजन के दौरान शुरू की गई कचरा संग्रहण और प्रसंस्करण की व्यवस्था के तहत स्वच्छता अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।