26 साल देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिक रणजीत सिंह नेगी ने उठाई समान पेंशन की मांग, बोले सैनिक और अर्धसैनिकों में भेदभाव क्यों?

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
थराली के आलकोट निवासी पूर्व सैनिक ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री से लगाई गुहार; 30 साल से सेवानिवृत्त जीवन जी रहे नेगी ने आर्थिक और सरकारी सुविधाओं से वंचित होने की पीड़ा भी बताई। देश की सीमाओं और सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों के सम्मान, अधिकार और पेंशन को लेकर एक बार फिर आवाज उठी है।
विकासखंड थराली के आलकोट निवासी पूर्व सैनिक रणजीत सिंह नेगी ने सैनिकों की तर्ज पर अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी समान पेंशन दिए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है। पूर्व सैनिक रणजीत सिंह नेगी का कहना है कि जब सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों की जिम्मेदारियां देश की सुरक्षा से जुड़ी हैं और दोनों ही कठिन परिस्थितियों में देश सेवा करते हैं, तो पेंशन के मामले में भेदभाव क्यों किया जा रहा है? उन्होंने सवाल उठाया कि देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले जवानों को सेवानिवृत्ति के बाद समान सम्मान और समान पेंशन क्यों नहीं मिलनी चाहिए?
रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि उन्होंने करीब 26 वर्ष तक सेवा देकर देश के लिए अपना योगदान दिया। सेवानिवृत्त हुए उन्हें लगभग 30 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज भी वह अपनी और अपने परिवार की आर्थिक परिस्थितियों को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि वह मजबूरी में अपनी पीड़ा और मांग सरकार के सामने रख रहे हैं, ताकि उनके साथ-साथ अन्य सैनिकों एवं अर्धसैनिकों की आवाज भी सरकार तक पहुंचे।उन्होंने भावुक होकर बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद उन्होंने अपनी चार बेटियों की शादी की, लेकिन उन्हें कन्याधन योजना का लाभ तक नहीं मिल पाया। इतना ही नहीं, उनका कहना है कि उन्हें सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन भी नहीं मिलता और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व सैनिक रणजीत सिंह नेगी ने सरकार से मांग की है कि सैनिकों और अर्धसैनिक बलों की पेंशन व्यवस्था में समानता सुनिश्चित की जाए तथा आर्थिक रूप से कमजोर सेवानिवृत्त कर्मियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए उचित व्यवस्था की जाए। 26 साल देश सेवा के बाद भी यदि एक पूर्व सैनिक को अपने अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के लिए गुहार लगानी पड़े, तो यह व्यवस्था के सामने एक गंभीर सवाल है। अब देखना होगा कि उनकी इस आवाज पर सरकार कब संज्ञान लेती है और सैनिक-अर्धसैनिक परिवारों की मांगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।