पावर हाउस के पास कल्पगंगा में गिरा वाहन, चालक सहित 3 घायल, 3 लापता
जोशीमठ। शादी की खुशी तब माता में बदल गई जब बारातियों को लेकर वापस लौट रही पिकअप गाड़ी हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग पर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे दो की मौत हो गई और चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। वहीं तीन लोग लापता हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ, पुलिस प्रशासन और तहसील प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बुधवार देर शाम वाहन संख्या यूके11टीए 1685 उर्गम गांव से बारात लेकर सलूड गांव वापस आ रहा था, उस दौरान हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। मरने वालों में कन्हैया सिंह (20 साल) और ध्रुव शामिल हैं। दोनों सलूड गांव के निवासी थे। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू कर सीएचसी जोशीमठ और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक कमलेश सिंह (25 वर्ष), सलूड निवासी मिलन (28 वर्ष) और पूरण सिंह (55 वर्ष) घायल हैं।
जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। रात के अंधेरे में राहत और बचाव दल ने जान जोखिम में डालकर सभी घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि तेज गति होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पावर हाउस के पास कल्पगंगा में गिर गया। दुर्घटना कैसे हुई है प्रशासन इसकी जांच कर रहा है।

