दीपोत्सव के रंग में रंगा बदरीनाध धाम, फूलों से सजाया गया परिसर

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
भू – बैकुंठ बद्रीनाथ धाम में दीपोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है। भगवान बद्रीविशाल का मंदिर गेंदे, चंपा और चमेली सहित विभिन्न प्रजातियों के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया गया है। फूलों की आकर्षक सजावट से मंदिर का सिंहद्वार और पूरा परिसर दिव्य छटा बिखेर रहा है। धाम पहुंचे श्रद्धालु मंदिर के मनमोहक स्वरूप को निहारकर अभिभूत हो रहे हैं।
धनतेरस से दीपावली तक बदरीनाथ धाम में धार्मिक उत्सव का माहौल रहेगा। बीते रोज धनतेरस के अवसर पर भगवान बद्रीविशाल की बद्रीश पंचायत में विराजमान देवी – देवताओं के साथ भगवान के खजांची कुबेर जी और माता लक्ष्मी की विशेष पूजा – अर्चना की जाएगी।
मंदिर का भव्य पुष्प श्रृंगार ऋषिकेश की राम विश्वास बद्रीनारायण फ्लावर शाॅप की ओर से किया गया। फ्लावर शाॅप संचालक के दिवंगत भाई बद्रीनारायण की स्मृति में उनके परिजन प्रतिवर्ष बद्रीनाथ मंदिर को फूलों से सजाते आ रहे हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुऐ इस वर्ष भी मंदिर परिसर को विभिन्न प्रजातियों के फूलों से आकर्षक रूप दिया गया है।
फूलों से सजे मंदिर की अलौकिक सुंदरता श्रद्धालुओं के लिये विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दीपोत्सव के अवसर पर बद्रीनाथ धाम में धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।