कृषि मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री का जताया आभार

देहरादून। प्रदेश के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज कैंप कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ केंद्रीय बजट 2026–27 का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 को विकसित भारत की दिशा में एक “सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट” बताया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026–27 समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जो देश की विकास गति को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट नागरिकों को सशक्त बनाएगा और भारत के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार, समावेशी विकास और दीर्घकालिक दृष्टि पर केंद्रित यह बजट “विकसित भारत” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी इन चारों वर्गों के उत्थान और सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने, युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री द्वारा सरकार की महत्वाकांक्षी लखपति दीदी योजना को और विस्तार देने की घोषणा पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए देशभर में और अधिक रिटेल आउटलेट्स खोले जाएंगे, जिससे महिलाओं को सीधे बाजार से जोड़ने, स्थायी आय के साधन विकसित करने और महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि बजट में एआई टूल “भारत-VISTAAR” कार्यक्रम की शुरुआत एक दूरदर्शी कदम है। यह एआई आधारित टूल किसानों को बेहतर और सटीक निर्णय लेने में मदद करेगा, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण महिलाओं की अगुवाई वाले उद्यमों को सशक्त बनाने के लिए स्व-सहायता उद्यम (SHE-Marts) की शुरुआत की जाएगी, जिससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा।

पर्यटन क्षेत्र को लेकर बजट में किए गए प्रावधानों की भी मंत्री गणेश जोशी ने सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर टूरिस्ट गाइड्स को वर्ल्ड-क्लास ट्रेनिंग देने और प्रमुख पुरातात्विक स्थलों को सांस्कृतिक एवं पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित करने का निर्णय पर्यटन को नई दिशा देगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह बजट ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, कृषि उन्नयन और पर्यटन संवर्धन के माध्यम से “विकसित भारत” के लक्ष्य को साकार करने वाला है। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने वाले इस जनकल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।

!-- Google tag (gtag.js) -->