सनातन प्रीमियर लीगः इंतजार हुआ खत्म, बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट का देहरादून ट्रायल 6-7 फरवरी को

देहरादून :- जिस पल का सभी क्रिकेट प्रेमियों और सनातन संस्कृति से जुड़े युवाओं को बेसब्री से इंतजार था, वह आखिरकार आ गया है। सनातन प्रीमियर लीग (SPL) के पहले सीजन का आगाज जल्द होने जा रहा है और इसके फ्री ट्रायल्स es भी देशभर में शुरू हो चुके हैं। टूर्नामेंट के ट्रायल का दूसरा चरण देहरादून में 6 और 7 फरवरी को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पहले दिन ट्रायल के लिए पंजीकरण कराए जाएंगे और दूसरे दिन खिलाड़ियों का चयन होगा।
यह लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने और उन्हें संस्कार, अनुशासन व राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने का एक व्यापक प्रयास है। आयोजकों के अनुसार, यह मंच उन खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है जो अपनी मेहनत और कौशल के दम पर बड़े स्तर पर पहचान बनाना चाहते हैं।
SPL सीजन 1 की शुरुआत 12 मार्च से होने जा रही है और यह टूर्नामेंट 15 मार्च तक चलेगा। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में देवकीनंदन ठाकर जी महाराज शामिल रहेंगे और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएंगे। साथ ही महाराज ट्रायल्स स्थल पर भी मौजूद रहेंगे।
इस तरह होगी चयन प्रक्रिया
सनातन प्रीमियर लीग यानी एसपीएल सीजन 1 के लिए आयोजित होने वाले ट्रायल्स में 15 से 40 आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। यहां खिलाड़ियों का चयन करने के लिए अनुभवी क्रिकेटर, प्रशिक्षक और चीफ सिलेक्टर चयन समिति में शामिल रहेंगे।
देहरादून में होने वाले दो दिवसीय ट्रायल में शत्रुघ्न तिवारी, बिनू चौधरी, प्रणय शर्मा, सिद्धार्थ जोशी व राजेश शर्मा चयन समिति का हिस्सा होंगे। पैनल खिलाड़ियों की तकनीक, फिटनेस, मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन, मानसिक दृढ़ता और टीम वर्क का गहन मूल्यांकन करेगा।
ट्रायल्स को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाएगा, ताकि योग्य प्रतिभाओं को निष्पक्ष अवसर मिल सके।
चयनित खिलाड़ियों के लिए लगेगा विशेष कैंप
ट्रायल्स पूरे होने के बाद सभी चयनित खिलाड़ियों के लिए एक विशेष ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में खिलाड़ियों को पेशेवर कोचिंग, फिटनेस ट्रेनिंग, रणनीतिक मार्गदर्शन और मैच सिमुलेशन अभ्यास कराया जाएगा।
कैंप में भी प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीमों का गठन किया जाएगा। इसके बाद चयनित खिलाड़ी इंदौर में होने वाले मेगा टूर्नामेंट में अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टूर्नामेंट का आयोजन इंदौर में
सनातन प्रीमियर लीग का आयोजन 12 से 15 मार्च 2026 तक इंदौर में किया जाएगा, जहां देशभर से चुनी गई प्रतिभाशाली टीमें एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी। चार दिवसीय इस टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धी मुकाबलों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण भी देखने को मिलेगा।
दिल्ली में ‘सनातन क्रिकेट क्लब’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में चिन्मयानंदन बापू, पूर्व क्रिकेटर मदनलाल शर्मा और क्लब फाउंडर विजय शर्मा की मौजूदगी में पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने इस लीग की औपचारिक घोषणा की थी।
टूर्नामेंट में पूज्य श्री प्रदीप मिश्रा जी, पूज्य श्री चिन्मयानंद बापू जी, पूज्य श्री इंद्रेश उपाध्याय जी सहित अनेक संत धर्माचार्य उपस्थित रहेंगे। धर्मगुरुओं के सानिध्य में सनातनी युवाओं की आठ टीमें इस क्रिकेट लीग में भाग लेंगी।
SPL में भाग लेने वाली 8 टीमें
1. छत्रपति शिवाजी वॉरियर्स (महाराष्ट्र)
2. द्रविड़ चोला रॉकर्स (साउथ)
3. सरदार वल्लभभाई पटेल लायंस (गुजरात)
4. रानी लक्ष्मीबाई स्ट्राइकर्स (उत्तर प्रदेश)
5. अहिल्या माता गार्जियंस (मध्य प्रदेश)
6. इंद्रप्रस्थ किंग्स (दिल्ली)
7. चंद्रशेखर आज़ाद थंडर्स (उत्तराखंड)
8. महाराणा प्रताप रणबांकुरे (राजस्थान)
*ट्रायल्स का पूरा कार्यक्रम*
खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रायल्स देश के आठ प्रमुख शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं:
जयपुरः 4-5 फरवरी
देहरादून: 6-7 फरवरी
सूरतः 8-9 फरवरी
दिल्ली: 10-11 फरवरी
मुंबई: 12-13 फरवरी
लखनऊ: 14-15 फरवरी
चेन्नई: 15-16 फरवरी
इंदौर: 18-19 फरवरी
कहां देखे जा सकते हैं SPL के लाइव मुकाबले
सनातन प्रीमियर लीग के मुकाबलों का सीधा प्रसारण प्रतिष्ठित स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा। इसके अतिरिक्त इसकी लाइव स्ट्रीमिंग ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
पुरस्कारों की घोषणा
टूर्नामेंट में चैंपियन टीम को 31 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 15 लाख रुपये मिलेंगे। मैन ऑफ द सीरीज को ब्रांड न्यू कार, ऑरेंज व पर्पल कैप विजेताओं को एक-एक बाइक प्रदान की जाएगी।
प्रत्येक मुकाबले में मैन ऑफ द मैच को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रत्येक खिलाड़ी को 11 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
सनातन प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य
सनातन प्रीमियर लीग का उ‌द्देश्य केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है। इसका लक्ष्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना भी है। प्राकृतिक आपदाओं में राहत कार्य, आर्थिक रूप से कमजोर कन्याओं के विवाह में सहयोग, एसिड अटैक पीड़ित बेटियों के उपचार एवं पुनर्वास, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना भी इस लीग के प्रमुख उ‌द्देश्यों में शामिल है।
!-- Google tag (gtag.js) -->