श्यामपुर । बहुद्देशीय किसान सहकारी समिति श्यामपुर देहरादून के द्वारा विभिन्न संस्थाओं में भेजे जाने वाले सदस्यों के पदों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की। जिसके बाद कांग्रेसी नेताओं ने सभी सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता जयेन्द्र रमोला ने कहा कि भाजपा की रीति नीति के विरोध में आज पूरा प्रदेश भाजपा के खिलाफ एकजुट है उसी परिपेक्ष्य में आज भाजपा का सदस्य सहकारी समिति के चुनाव लड़ने में भी भयभीत है इसलिए आज कांग्रेस समर्थित सभी प्रत्याशी निर्विरोध चुनाव जीते हैं। कहा कि निर्विरोध जीत दर्ज करने वालों में सहकारी समिति में सदस्य सहकारी गन्ना विकास समिति डोईवाला व कृषकों से डा० ख़ुशहाल सिंह राणा, इफको व नेशनल को-ऑपरेटिव ऑरगेनिक लि० के सदस्य पद पर भगवती सेमवाल, क्रय विक्रय समिति के लिए धर्मेन्द्र सिंह, ममता रांगढ, कमल सिंह राणा, अर्जुन सिंह रांगढ, अनुपम गिरी, भारतीय बीज सहकारी समिति लि० के लिए दिनेश प्रसाद व राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लि० के सदस्य लक्ष्मी प्रसाद नौडियाल को निर्विरोध जीत दर्ज की।
कृभको से सदस्य बने पूर्व ब्लॉक प्रमुख डा० ख़ुशहाल सिंह राणा व इफ़को व नेशनल को-ऑपरेटिव ऑरगेनिक लि० ने लिए सदस्य बने भगवती प्रसाद सेमवाल ने कहा कि सहकारी समितियों में पहले किसान सहकारी समिति के अध्यक्ष पद और डेलीगेट पर हम लोगों ने जीत दर्ज की थी और आज पुनः फिर से हम सभी साथियों ने निर्विरोध निर्वाचित होकर सरकार को आइना दिखाने का काम किया है और आने वाले समय में भी उसी तरह कांग्रेस के लोग चुनाव में जीत दर्ज कर अपना प्रचार लहरायेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधान सतीश रावत, पूर्व प्रधान शंकर सिंह नेगी, रमेश रांगढ, विनोद चौहान, दिनेश रांगढ, अरूण बिष्ट, गजेन्द्र सिंह खरोला, हेमन्त खत्री आदि लोग मौजूद थे ।
