भवन कर वसूली को लेकर नगर निगम सख्त, सभी वार्डों में संपत्ति सत्यापन अभियान शुरू

देहरादून : नगर निगम क्षेत्र में भवन कर वसूली को तेज करने के लिए निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। निगम प्रशासन ने वीरवार से वार्डों में संपतियों का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है।
बुधवार को नगर आयुक्त ने नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक की । जिसमें पाया गया कि शहर के कई वार्डों में आवासीय, अनावासीय और कुछ सरकारी संस्थानों की ओर से अब तक भवन कर का भुगतान नहीं किया गया है।
इसी के चलते नगर निगम ने वीरवार से सभी वार्डों में संपत्तियों का व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत उन संपत्तियों की भी जांच की जा रही है जो अभी तक भवन कर के दायरे में नहीं आई हैं, ताकि उन्हें भी कर दायरे में लाया जा सके। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन वार्डों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, वहां शत-प्रतिशत भवन कर वसूली सुनिश्चित की जाए। इसके लिए कर अधीक्षक और कर निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम की ओर से यह भी व्यवस्था की गई है कि जिन करदाताओं पर 10 हजार रुपये से कम भवन कर बकाया है, वे नगर निगम के व्हाट्सएप पोर्टल के माध्यम से भी आसानी से भुगतान कर सकते हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->