हरिद्वार। कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वी— मार्क इंडिया लिमिटेड द्वारा स्थापित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण आज तहसील रूड़की परिसर में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, आईआईटी रूड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत तथा वी—मार्क इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक विकास गर्ग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह पहल सरकारी विघालयों के विघार्थियों, विशेषकर बालिकाओं, को डिजिटल एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन हरिद्वार एवं आईआईटी रूड़की के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए। एमओयू पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईआईटी रूड़की के निदेशक प्रो. के. के. पंत तथा संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की दीपक रामचंद्र शेट द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते का उद्देश्य सरकारी विघालयों के विघार्थियों को कंप्यूटर एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई ) की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है। आईआईटी रूड़की के प्रख्यात प्रोफेसरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा पाठ्यक्रम पूर्ण होने पर विघार्थियों को आईआईटी रूड़की की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में बालिकाओं की भागीदारी को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि वे भी तकनीकी क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यह पहल सरकारी विघालयों के विघार्थियों के लिए अवसरों के नए द्वार खोलेगी और उन्हें डिजिटल भारत के निर्माण में सहभागी बनाएगी। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर लैब के शुरू होने से स्थानीय बच्चों को इसका लाभ प्राप्त होगा। आईआईटी रूड़की के निदेशक ने इसे समाज और शिक्षा के बीच सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि जब प्रशासन, शिक्षण संस्थान और उघोग जगत साथ आते हैं, तो परिवर्तन निश्चित होता है। कार्यक्रम में आईआईटी रूड़की के डीन एसआरआईसी प्रो. विवेक मलिक, डीन इंटरनेशनल रिलेशन्स प्रो. करुण रावत, डीन एकेडमिक्स नवीन नवानी, सीनियर कंसल्टेंट मार्गरेट क्लिमकोटी, अपर उपजिलाधिकारी रूड़की अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार रूड़की विकास अवस्थी, तहसीलदार लक्सर शुभांगिनी सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

