देहरादून: दून शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थल घंटाघर के आसपास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने घंटाघर की छत पर भगवा रंग का झंडा लगा दिया। यह घटना न सिर्फ प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई है, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर के समय किसी ने घंटाघर के सबसे ऊपर छत में चढ़कर भगवा रंग का झंडा लगा दिया। परिसर में आमतौर पर तालाबंद रहता है। इसकी देखरेख नगर निगम देहरादून के अधीन आती है। घंटाघर के नीचे सुरक्षा के लिए पीआरडी का जवान भी नियमित रूप से तैनात रहता है। इसके बावजूद किसी व्यक्ति का छत तक पहुंचना और झंडा लगा देना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ताला कैसे खोला गया और किसने यह दुस्साहस किया। क्या यह किसी अंदरूनी मिलीभगत का परिणाम है या फिर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कई लोग इसे प्रशासनिक लापरवाही मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस घटना के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका भी जता रहे हैं।

