छोटे गांव से निकलकर एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रथम रहीं, गोल्ड मेडल से हुईं सम्मानित

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जनपद के दशोली ब्लॉक अंतर्गत छिनका गांव की होनहार बेटी अर्निका सती ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सामान्य परिवार और छोटे कस्बे से निकलकर अर्निका ने हेमवती नंदन बहुगुणा केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के 12वें दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अर्निका को यह सम्मान लाइफ साइंस संकाय के अंतर्गत हिमालयन एक्वेटिक बायोडायवर्सिटी विषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मिला। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
अर्निका बृजमोहन सती और रेखा सती की पुत्री हैं। माता-पिता दोनों शिक्षा से जुड़े होने के कारण बचपन से ही घर में पढ़ाई और अनुशासन का माहौल मिला। यही वातावरण उनकी सफलता की मजबूत नींव बना। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा केंद्रीय विद्यालय, ग्वालदम से प्राप्त की और आगे की पढ़ाई में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अर्निका की सफलता केवल एक स्वर्ण पदक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस जिद, मेहनत और आत्मविश्वास की कहानी है, जो पहाड़ की बेटियों को चुनौतियों के बीच भी आगे बढ़ना सिखाती है। सीमित संसाधनों और छोटे कस्बे की पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर स्वयं को स्थापित करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
अर्निका ने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता, विद्वान गुरुजनों और सहयोगियों को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका अगला लक्ष्य पीएचडी करना और यूपीएससी के माध्यम से देश सेवा करना है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवारजनों के साथ-साथ डॉ. दिनेश सती (भूगर्भ वैज्ञानिक), डॉ. दिनेश नैनवाल (पूर्व प्राचार्य), श्रीमती अनीता ममगाईं, बलवंत बिष्ट, शशि नौटियाल और प्रकाश सती, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, पूर्व जिला कांग्रेस के अध्यक्ष मुकेश नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, गौ सेवा के सदस्य अनिल नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, जन कल्याण लोक सेवा के अध्यक्ष सुनील पंवार, जाख वार्ड जिला पंचायत सदस्य रेखा बिष्ट सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->