नगर निगम का बड़ा प्लान, हर वार्ड में 50 लाख की व्यवस्थाएं होंगी मजबूत

नगर निगम बोर्ड अधिवेशन सम्पन्न, 2026-27 का बजट पास

देहरादून: नगर निगम का चतुर्थ बोर्ड अधिवेशन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा, जिसकी अध्यक्षता महापौर ने की। अधिवेशन में विधायक उमेश शर्मा काऊ समेत पार्षदगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर के विकास, सफाई व्यवस्था और आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें पारित किया गया।

अधिवेशन में वार्डों की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जल निकासी प्रणाली मजबूत करने तथा फॉगिंग के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही ई-ऑटो रिक्शा, कॉम्पैक्टर और अन्य आवश्यक मशीनों की खरीद को भी मंजूरी दी गई।

पशु कल्याण के मुद्दे भी बैठक के केंद्र में रहे। डॉग शेल्टर निर्माण, एनिमल एम्बुलेंस की व्यवस्था, बंदरों को पकड़ने की योजना, निराश्रित पशुओं की माइक्रोचिपिंग, मृत पशुओं के निस्तारण के लिए इंसीनेरेटर प्लांट स्थापना, पशुवाहन खरीद, गौसदन विस्तार और सोलर प्लांट लगाने जैसे प्रस्तावों पर सहमति बनी। इसके अलावा अश्ववंशीय पशुओं पर चालान और अर्थदंड की राशि बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।

अधिवेशन के दौरान नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर ने घोषणा की कि प्रत्येक वार्ड में विकास और निर्माण कार्यों के लिए 50 लाख रुपये आवंटित किए जाएंगे।

बैठक में नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित स्मार्ट सिटी, वन विभाग, पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, एनएच, यूपीसीएल और तहसील के अधिकारी भी मौजूद रहे। तीन दिवसीय अधिवेशन व्यापक चर्चा के बाद विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ।

अधिवेशन में हंगामा, पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक

बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी बहस हो गई, जो गाली-गलौज तक पहुंच गई। महापौर और नगर आयुक्त की मौजूदगी में हुए इस विवाद से कुछ देर के लिए कार्यवाही प्रभावित रही। बाद में हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया गया और बैठक फिर से शुरू की गई।

!-- Google tag (gtag.js) -->