पिरान कलियर क्षेत्र में हाथी की आमद, मचा हड़कंप

रुड़की । हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक बार फिर हाथी की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। दरअसल, कलियर स्थित कांवड़ पटरी मार्ग पर इमाम साहब और बिजली घर के पास एक विशाल हाथी टहलता हुआ दिखाई दिया। हाथी को देखकर राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी के आबादी वाले इलाके में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी से दूर पथरी के जंगलों की ओर खदेड़ दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही हाथी है जो पहले भी कई बार इस क्षेत्र में दिखाई दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र पहले भी इस इलाके में हाथी आ चुका है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले इलाके में रोके जाने को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। इसके लिए फेंसिंग के साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने की ओर भी जोर दिया है। जिससे भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया हाथी के रिहायशी इलाके में आने की सूचना मिली थी। जिसके बाद टीम तत्काल सक्रिय हो गई थी। हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर भेज दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखने पर उसके पास जाने की कोशिश न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। साथ ही वन विभाग ने किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।
बता दें हरिद्वार का इलाका राजाजी नेशनल पार्क से लगता है। ये क्षेत्र हाथियों के लिए जाना जाता है। अक्सर इस क्षेत्र में हाथियों की आमद देखी जाती रही है। आजकल गर्मियों का सीजन है। जिसके कारण अक्सर हाथी पानी की तलाश में जंगल से बाहर आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->