नंदा देवी राजजात यात्रा के कार्यों को अतिशीघ्र किए जाने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी थराली को सौंपा ज्ञापन

चमोली: नंदादेवी राजजात की तैयारियों और पड़ावों में अवस्थापन विकास को लेकर नंदादेवी राजराजेश्वरी समिति बधाण ने उपजिलाधिकारी थराली के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर राजजात पड़ावों में शीघ्र कार्य शुरू करने की मांग की।
नंदादेवी राजजात यात्रा मार्ग थराली- देवाल – वाण मोटरमार्ग पर हॉटमिक्स का कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की। मां नंदादेवी राजराजेश्वरी समिति के सदस्यों ने अध्यक्ष सुशील रावत के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन भेजते हुए नंदादेवी राजजात के विभिन्न पड़ावों पर तैयारियों और विकास कार्यो के प्रस्तावों पर स्वीकृति और वित्त मुहैया कराने की मांग की। ज्ञापन में समिति ने स्पष्ट करते हुए कहा कि 2026 में बड़ी जात यदि लोकजात के रूप में आयोजित होती है तो यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा, वहीं आस्था और परंपराओं के साथ खिलवाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजजात 2027 में ही आयोजित होगी। समिति ने स्पष्ट किया कि बड़ी जात में सम्मिलित गैर परंपरागत डोली और राजछंतोली की व्यवस्था और इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी, इसके साथ ही समिति ने सिद्धपीठ कुरुड़ को पर्यटन के मानचित्र पर स्थान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए सिद्धपीठ देवराडा को भी पर्यटन के मानचित्र पर अंकित करने की मांग की।
इसके साथ ही यात्रा पड़ावों पर रास्तों,पुलिया,विद्युत आपूर्ति, पेयजल और सोलर लाइटों की उचित व्यवस्था करने के साथ ही पड़ावों पर वाहन पार्किंग ,रेन सेल्टर इत्यादि के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव ज्ञापन के माध्यम से भेजे गए। ज्ञापन देने वालों में समिति के भुवन हटवाल, पृथ्वी सिंह बुटोला, गोविंद भंडारी, डी डी कुनियाल,हरेंद्र नेगी,महिपाल सिंह,जय सिंह, हरेंद्र फर्स्वाण, विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।

!-- Google tag (gtag.js) -->