चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
देश के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी ने सोमवार को भू-बैकुंठ नगरी पहुंचकर भगवान श्री बदरी विशाल के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। सोमवती अमावस्या तथा पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन उन्होंने श्री हरि नारायण के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
धाम प्रवास के दौरान मुकेश अंबानी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं और यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए (बीकेटीसी) को 5 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। यह राशि धामों में व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में उपयोग की जाएगी।
बदरीनाथ पहुंचने पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष , मुख्य कार्याधिकारी सहित मंदिर समिति के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान अंबानी ने धाम की यात्रा व्यवस्थाओं, दर्शन-पूजन प्रणाली, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा बदरीपुरी में संचालित मास्टर प्लान और अन्य विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि मुकेश अंबानी की भगवान बदरी विशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था रही है। वे पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से बदरी-केदार धामों के दर्शन करने पहुंचते रहे हैं तथा समय-समय पर धामों के विकास में सहयोग भी करते रहे हैं।
दर्शन-पूजन के उपरांत बीकेटीसी की ओर से मुकेश अंबानी को भगवान श्री बदरी विशाल का प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

