जेल से बाहर आते ही किया घिनौना काम

पांच साल की मासूम का किडनैप कर रेप, पुलिस ने किया अरेस्ट
पिथौरागढ़ पुलिस ने जिस आरोपी को गिरफ्तार किया है, वो पहले भी इस तरह के मामले में जेल जा चुका है।
पिथौरागढ़। सीमांत जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में दिन दहाड़े पांच साल की मासूम का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक बच्चे के साथ कुकर्म करने के आरोप में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चार दिन पहले एक व्यक्ति ने कोतवाली पहुंचकर पांच साल की बेटी के दोपहर में अचानक लापता होने की सूचना पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धारा 140 (3) BNS के तहत गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की जांच एसआई बबीता टम्टा को सौंपी गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे के निर्देश पर चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। लगभग 20-25 CCTV फुटेज खंगाले गए। इस दौरान एक व्यक्ति लापता बालिका को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को गुम होने के आठ घंटे के भीतर टनकपुर तिराहे के पास से बरामद कर लिया।
बालिका को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल परीक्षण के आधार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर अभियोग को धारा 65(2) /115(2) /137(2)/351(3) BNS व 5/6 पॉक्सो एक्ट बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तार के लिए टीमों की गठन किया। नगर के सरकारी व निजी लगभग 50-60 CCTV फुटेज खंगाले गए। CCTV फुटेज के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान 35 वर्षीय होशियार सिंह निवासी रई धनौड़ा पिथौरागढ़ के रूप मे हुई।
पुलिस ने बताया कि 25 जून देर रात 12:15 बजे आरोपी होशियार सिंह को पुनेड़ी महर जाने वाली रोड पर स्थित बैण्ड के पास से गिरफ्तार किया गया। होशियार सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस दौरान आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म करने बात स्वीकार की पकड़ा गया।
आरोपी होशियार सिंह पहले भी 11 साल के बालक के साथ कुकर्म करने के आरोप में जेल जा चुका है। वर्ष 2024 में धारा 363 IPC में 07 वर्ष के कारावास और धारा 7/8 पॉक्सो एक्ट में पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा हुई थी। आरोपी लॉकअप पिथौरागढ़, अल्मोड़ा जेल, सितारगंज जेल और हरिद्वार जेल में रह चुका है। आरोपी इन दिनों हरिद्वार जिला कारागार से 14 मई 2026 को निजी मुचलका पर रिहा होकर बाहर आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी। इधर विभिन्न संगठनों ने आरोपी युवक को फांसी की सजा देने की मांग की है।

!-- Google tag (gtag.js) -->