कर्णप्रयाग में आयोजित हुआ एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
आईआईएम काशीपुर के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (FIED) द्वारा उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के सहयोग से ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्टार्टअप एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले युवाओं को व्यवसाय विकास, नवाचार, बाजार विस्तार तथा उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक जानकारी एवं विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर आईआईएम काशीपुर के बिजनेस मैनेजर गिरधर सिंह बिष्ट ने बूट कैंप के उद्देश्यों, विभिन्न गतिविधियों तथा उद्यमियों को उपलब्ध कराए जा रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उद्यमियों को अपने व्यवसाय को बेहतर ढंग से समझने, व्यावसायिक विचारों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने तथा विशेषज्ञों से आवश्यक सुझाव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
आईआईएम काशीपुर FIED के बिजनेस मैनेजर मनमोहन सिंह ने संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं उद्यमिता विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने स्टार्टअप एवं एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, नए व्यावसायिक विचारों को विकसित करने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
बूट कैंप के दौरान चमोली जनपद के विभिन्न उद्यमियों द्वारा अपने-अपने बिजनेस आइडिया एवं व्यवसायिक मॉडल प्रस्तुत किए गए। प्रतिभागियों ने अपने उत्पादों, बाजार की संभावनाओं, व्यवसाय संचालन में आ रही चुनौतियों तथा भविष्य की विकास योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की। विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तुत व्यावसायिक विचारों का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक ने बूट कैंप को ग्रामीण क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर उद्यमियों को बेहतर अवसरों से जोड़ने, उनके व्यवसाय को गति देने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। सहायक प्रबंधक REAP ताज़बार सिंह गुसाईं सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभागियों को ग्रामीण उद्यमिता एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में चमोली जनपद के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्य, महिला उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि, युवा एवं उद्यमिता में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जिनका अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा अवलोकन किया गया। बूट कैंप का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना रहा, जहां वे अपने व्यवसायिक विचारों को प्रस्तुत करने, विशेषज्ञों से प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त करने तथा बाजार एवं संस्थागत सहयोग के अवसरों को समझने के साथ अपने उद्यमों के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में लीला नेगी, प्रशांत सिंह, अर्जुन सिंह कंडारी, दिलीप नेगी, नंद किशोर, गीता, अबरीलाल, बहादुर राम, दर्शनी देवी सहित अन्य महिला उद्यमी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->