चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
गोपेश्वर में अब नशे, हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों की खैर नहीं ! नगर की शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने के लिए गोपेश्वर पुलिस ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। शहर की गलियों से लेकर सुनसान रास्तों तक पुलिस की पैनी नजर है, तो वहीं ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील स्थानों की निगरानी की जा रही है।
आमजन एवं व्यापार मंडल के साथ आयोजित बैठक में सामने आई समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष गोपेश्वर नवनीत भंडारी के नेतृत्व में नगर में सघन सायंकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया गया। पूरे नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें तैनात की गईं। प्रमुख चौराहों, संकरी गलियों, सुनसान रास्तों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। ड्रोन के माध्यम से ऐसे स्थानों की भी निगरानी की गई, जहां युवाओं के समूहों में एकत्र होने और नशे जैसी गतिविधियों की आशंका रहती है। संदिग्ध परिस्थितियों में एकत्र मिले युवाओं से पूछताछ कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, हुड़दंग मचाने और महिलाओं एवं छात्राओं पर फब्तियां कसने जैसी गतिविधियों के प्रति सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही, युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
गोपेश्वर पुलिस द्वारा नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की चेकिंग कर प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर निगरानी रखी गई। साथ ही युवाओं के वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उद्देश्य स्पष्ट है—युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखना, गलत गतिविधियों पर अंकुश लगाना और जेन-जी को सुरक्षित एवं सकारात्मक भविष्य की ओर प्रेरित करना। पुलिस का स्पष्ट संदेश— नगर की गलियों को अड्डा समझने वाले और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले सावधान रहें! पुलिस की गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी। नशाखोरी, महिलाओं से अभद्रता और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

