यूपीसीएल एमडी की समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली और स्मार्ट मीटर लगाने के दिए निर्देश

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने विद्युत वितरण मंडल कर्णप्रयाग के अंतर्गत गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग, गैरसैंण और नारायणबगड़ विद्युत वितरण खंडों की समीक्षा बैठक ली। देर रात करीब 1:30 बजे तक चली इस बैठक में राजस्व वसूली, विद्युत बिलिंग, उपभोक्ताओं की समस्याओं के निस्तारण और स्मार्ट मीटर लगाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने और मीटर रीडिंग के आधार पर सभी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत विद्युत बिल जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।पीसी ध्यानी ने सभी अभियंताओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निर्धारित समय के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी देकर अधिक से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जाएं।
इसके अलावा नए विद्युत संयोजनों को समय पर जारी करने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि संयोजन देने में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। ऐसे मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता एनएस बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा और अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता धर्मबीर सिंह, राहुल चानना, शैलेंद्र बिष्ट और मनोज कुमार सहित क्षेत्र के सभी उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता और लेखाधिकारी उपस्थित रहे।