देहरादून। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन प्रभारी राजेन्द्र शाह ने 1 नवम्बर, 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर आयोजित विशाल रैली की अपार सफलता पर पार्टी के वरिष्ठ नेता गणों, राष्ट्रीय नेतृत्व तथा उत्तराखंड प्रदेश के सभी नेता गणों, कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन प्रभारी राजेन्द्र शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र एवं राज्य सरकारों की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ नई दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब देश की जनता की चिंताओं और असंतोष को प्रदर्शित करता है। रैली में देशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी ने लोकतंत्र, संविधान और आम आदमी के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी-बड़ी बातें करने वाली भाजपा सरकारों के शासनकाल में भ्रष्टाचार के अनेक गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेताओं को अपने शासन और कार्यप्रणाली पर भी आत्ममंथन करना चाहिए। भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा के शासन में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं, इसलिए उनकी आस्था से जुड़े विषयों पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार एवं मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
शाह ने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं, किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा गरीब और मध्यम वर्ग बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। इसके बावजूद सरकार इन बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की महारैली ने यह संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को बुलंद करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उत्तराखण्ड प्रदेश से बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश का कांग्रेस संगठन राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
शाह ने रैली की सफलता के लिए समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेसजन इसी एकजुटता और समर्पण के साथ जनता के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेंगे तथा जब तक भाजपा की सरकारों को केन्द्र व राज्य की सत्ता से नहीं उखाड फेंकते तब तक सड़कों पर संघर्ष करते रहेंगे। शाह ने यह भी कहा कि उत्तराखंड प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ0 हरक सिंह रावत सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में जनहित के मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं तथा भाजपा सरकारों की जन विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा की जन विरोधी नीतियों से छुटकारा पाने के लिए कांग्रेस पार्टी की पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

