सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को किया गया ब्रीफ

देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने में जुटा है। अमित शाह पहले परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। वहीं, इसके बाद राज्य स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित परेड में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। इस वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा में नियुक्त पुलिस बल को ब्रीफ किया है। वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल पर त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
बताया गया है कि आगामी छह नवम्बर को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा में नियुक्त किये गये समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। महानिदेशक अभिसूचना, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड व अन्य उच्चाधिकारियों ने पुलिस लाइन देहरादून में ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान कार्यक्रम के लिए किये गये सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में सभी अधिकारी व कर्मचारियों को सजग और सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए बताया कि सभी अधिकारी/कर्मचारी ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से 03 घंटे पूर्व ही अपनी ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर, अपनी ड्यूटी के सम्बन्ध में अपने प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर लें। ड्यूटी स्थल व उसके आस-पास के स्थानों को भली-भांति चैक कर लिया जाये। ड्यूटी में नियुक्त सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने साथ पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड अवश्य रखें। सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चैक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली भांति ब्रीफ कर लें। इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी/और कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल को छोड़कर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हो।
बताया गया है कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्तियों व उनके वाहनों को ही विधिवत चेकिंग/फ्रिस्किंग के बाद ही जाने की अनुमति दी जाए। साथ ही वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा के पहलू से सतर्क दृष्टि रखी जाये। पूर्व में नामित व्यक्तियों को ही एन्टी सबोटाज चेकिंग के बाद कार्यक्रम स्थल में जाने की अनुमति दी जाये। कार्यक्रम स्थल में आमजन के प्रवेश और निकासी के लिए बनाये गये प्वांइटों पर डीएफएमडी व एचएचएमडी की सहायता से प्रत्येक व्यक्ति को भलीभांति चैक करके पूर्व निर्धारित स्थानों पर बैठने की अनुमति दी जाये, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये कि अनावश्यक रूप से कोई भी व्यक्ति बैरिकेडिंग के ऊपर खडा न हो। कार्यक्रम समाप्ति के बाद उपस्थित भीड़ के अति उत्साह में वीवीआईपी की ओर जाने और एक साथ बाहर निकलने की स्थिति में किसी प्रकार की भगदड़ होने की सम्भावना के दृष्टिगत नियुक्त पुलिस बल को लाउड हेलरों के माध्यम से लोगो को संयमित होकर कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने और सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पूर्व से ही सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। वीवीआईपी रूट व उसके आस-पास के क्षेत्रों में सदिंग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन चैकिंग सुनिश्चित करते हुए वीवीआईपी रूट पर पडने वाली हाई राइज बिल्डिंग्स में रहने वाले लोगों के शत-प्रतिशत सत्यापन की कार्यवाही की जा रही है। रूट पर मौजूद हाईराइज बिल्डिंग के साथ-साथ, पानी की टंकियों, फ्लाईओवर सहित अन्य स्थानों की बीडीएस, डॉग स्क्वॉड टीम तैनात की गई है। ब्रीफिंग में अभिनव कुमार, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा उत्तराखंड, वी. मुरूगेशन अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था, नीलेश आनंद भरणे पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, राजीव स्वरूप पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र, प्रमेन्द्र डोभाल एसएसपी देहरादून मौजूद रहे।
