जमीन के नाम पर 7.20 करोड़ की ठगी, दो आरोपियों ने पुलिस ने किया अरेस्ट

रुड़की। हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से औद्योगिक प्लांट स्थापित कराने और जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर सात करोड़ बीस लाख रुपए की धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता अभिलाषा की ओर से कोतवाली मंगलौर में एक तहरीर दी गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि एप्रो ग्लोबल कंपनी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में औद्योगिक प्लांट स्थापित करना था, जिसके लिए उन्हें जमीन चाहिए थी।
आरोप है कि जमीन उपलब्ध कराने के नाम पर उससे सात करोड़ 20 लाख रुपए से अधिक की रकम ली गई, लेकिन बाद में न तो वादे के मुताबिक जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही रकम वापस की गई। इस तरह पीड़िता के साथ धोखाधड़ी करते हुए करोड़ों रुपए की धनराशि हड़प ली गई। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंगलौर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 318(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामला करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर ने पुलिस टीम का गठन किया और आरोपियों की तलाश में लगातार प्रयास शुरू किए गए। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मामले में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही थी। इसी क्रम में 21 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के इस मामले में अब पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि पीड़िता से प्राप्त की गई धनराशि किन माध्यमों से ली गई और उसका इस्तेमाल कहां किया गयाय। धनराशि के लेन-देन और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल हसन पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम खुड्डा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) और तिलकराम उर्फ तेल्लूराम पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह निवासी ग्राम तेजलहेड़ा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।