श्री गुरु नानक देव के 556वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में दून में निकाला गया भव्य नगर कीर्तन 

गुरबाणी के स्वर से गूंज उठी द्रोणनगरी , नगर कीर्तन में उमड़ा आस्था का सैलाब
पंज प्यारों की अगुवाई में निकली फूलों से सजी पालकी साहिब
देहरादून : श्री गुरु नानक देव के 556वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शनिवार को देहरादून में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। दोपहर एक बजे करीब पटेल रोड़ से शुरू हुए नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख संगत और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पंज प्यारों की अगुवाई में निकली फूलों से सजी पालकी साहिब के दर्शन करने के लिए शहरभर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नगर कीर्तन के दौरान संगत के मुख से गूंजते गुरबाणी के शबदों ने द्रोणनगरी को भक्तिमय कर दिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया और गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाजार के तत्वावधान में आयोजित नगर कीर्तन की शुरुआत अरदास के साथ हुई। इसके बाद पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को फूलों से सजी पालकी साहिब में विराजमान किया गया। धार्मिक मर्यादाओं और श्रद्धा के साथ शुरू हुई इस शोभायात्रा में सबसे आगे पंज प्यारे चल रहे थे। उनके पीछे पालकी साहिब और गुरबाणी का गायन करते रागी और शब्दी जत्थे संगत को निहाल कर रहे थे। नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालु गुरु महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए आगे बढ़ते रहे।
पटेल रोड़ से शुरू हुआ नगर कीर्तन पटेल नगर, सहारनपुर चौक, लक्खीबाग पुलिस चौकी, दर्शनी गेट, धामावाला और पलटन बाजार से गुजरा। इसके बाद दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक निवास पहुंचकर इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालु पालकी साहिब के स्वागत के लिए खड़े रहे। कई स्थानों पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर प्रसाद और जलपान की व्यवस्था भी की थी।
नगर कीर्तन में इस बार भी पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट गतका आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। गतका पार्टियों के सदस्यों ने तलवार और अन्य पारंपरिक शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को अचंभित किया। उनके प्रदर्शन में साहस, अनुशासन और सिख परंपरा की झलक देखने को मिली। रास्ते में खड़े लोग इन करतबों को देखने के लिए कुछ देर ठहरते नजर आए। वहीं, पाइप बैंड की मधुर धुनों ने नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। शबद गायन करते जत्थों के साथ चल रही संगत भी पूरे रास्ते गुरबाणी का गायन करती रही।
स्कूली बच्चों ने भी नगर कीर्तन में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बच्चे पंज प्यारों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे हुए थे। उनके अनुशासित स्वरूप ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। धार्मिक झांकियों और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं ने आयोजन को और भव्य बना दिया। नगर कीर्तन के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। कई जगह सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां संगत को पानी, जलपान और प्रसाद वितरित किया गया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार सहित नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
नगर कीर्तन की व्यवस्थाओं में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, जगमिंदर सिंह छाबड़ा, चरणजीत सिंह चन्नी, सतनाम सिंह, देविंदर सिंह भसीन, हरमिंदर सिंह, जगजीत सिंह, जसविंदर सिंह मोठी, बलबीर सिंह साहनी, गुरविंदर सिंह बिंद्रा, ईश्वर सिंह, जीएस बिंद्रा, दलबीर सिंह कलेर और संतोख सिंह नागपाल सहित निवेर फाउंडेशन के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।