चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पोखरी विकासखंड सभागार में चमोली जिला सहकारी बैंक की ओर से बृहत ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, ब्लॉक प्रमुख राजी देवी और जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री ने संयुक्त रूप से किया। ऋण मेले के दौरान किसानों को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं, सहकारी बैंक की ऋण सुविधाओं तथा योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। आयोजन का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही कृषि एवं स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि सहकारी बैंक के माध्यम से किसान आसानी से स्वरोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। बैंक किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने किसानों से सहकारी बैंक के माध्यम से संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि सरकार किसानों को स्वरोजगार और कृषि गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराकर प्रोत्साहित कर रही है। सहकारी समितियों के माध्यम से घस्यारी योजना, सोलर योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ किसानों और ग्रामीणों को उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, इसलिए लोगों को योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पोखरी क्षेत्र में किसानों को स्वरोजगार के लिए एक करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह नेगी, बीर सिंह कंडारी, सहायक निबंधक रणजीत सिंह, महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह सहित विभिन्न समितियों के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

