चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन एवं जनपद के समस्त थानों में आयोजित हुए कार्यक्रम, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ली संविधान की प्रस्तावना की शपथ।
संविधान दिवस के अवसर पर चमोली पुलिस द्वारा पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन गोपेश्वर एवं जनपद के समस्त थानों में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस लाइन में पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों को भारतीय संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, स्वतंत्रता, समानता और न्याय के संवैधानिक मूल्यों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि “भारतीय संविधान केवल कानून की पुस्तक नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार स्तंभ है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। पुलिस बल का प्रत्येक सदस्य इन संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाते हुए जनता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहे।” सभी पुलिसकर्मियों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आमजन के प्रति निष्पक्ष एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवम्बर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा संविधान को अंगीकृत किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवम्बर को संविधान दिवस मनाया जाता है। यह दिवस हमें संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।
वहीं दूसरी ओर
संविधान दिवस के शुभ अवसर पर जिला कार्यालय, चमोली परिसर में एक विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी ने जिला कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान सभी कार्मिकों ने भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा देश के समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और बंधुता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। इस दौरान मुख्य कृषि अधिकारी जे पी तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविन्द गौड़, कोषाधिकारी राजीव कांत सहित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूर रहे।

