मायके आई महिला पर भालू का हमला

हालत चिंताजनक होने पर एयरलिफ्ट कर भेजा गया हायर सेंटर
थराली । उत्तराखंड में वन्यजीवों के हमले के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला चमोली जिले से सामने आया है। जहां थराली ब्लॉक के बूंगा गांव में चारा पत्ती काटते वक्त भालू ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को पहले सीएचसी थराली लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, अब एयरलिफ्ट कर महिला को हायर सेंटर पहुंचा दिया गया है।

मायके आई महिला पर भालू का हमला
जानकारी के मुताबिक, भालू के हमले में घायल महिला का नाम गोविंदी देवी उर्फ गोल्डी देवी (उम्र 26 वर्ष) है, जो हरमनी तल्ली, चमोली की रहने वाली बताई जा रही है। जो इन दिनों अपने मायके बूंगा आई हुईं थीं। जहां बुधवार यानी 25 मार्च की सुबह वो चारा पत्ती के लिए जंगल चली गई, लेकिन अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसके चेहरे समेत शरीर अन्य हिस्सों में गहरे घाव हो गए। किसी तरह से वो भालू के चंगुल से बच निकली।

घायल महिला को किया गया एयरलिफ्ट
बताया जा रहा है कि महिला के साथ कुत्ता भी था। जिसकी वजह से महिला बच पाई। इस घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत चिंताजनक होने पर डॉक्टरों की टीम ने महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उच्चाधिकारियों से अनुरोध किया गया। जिसके बाद एम्स ऋषिकेश से एयर एंबुलेंस आई।
वहीं, घायल महिला को कुलसारी ले जाया गया। जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए हायर सेंटर के लिए एयरलिफ्ट किया गया। मामले में थराली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ। अभिषेक गुप्ता ने बताया कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। उधर, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। ताकि, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

वन विभाग ने फौरी तौर पर दिया 30 हजार रुपए का मुआवजा
उधर, भालू के हमले की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घायल महिला का हालचाल जाना और तात्कालिक सहायता के तौर पर घायल महिला को 30 हजार रुपए की धनराशि दी। वहीं, सूना वार्ड के जिला पंचायत सदस्य हरीश सोलियाल ने कहा कि भालू के हमले में महिला बुरी तरह से घायल हुईं हैं, जिसे एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। साथ ही कहा कि वन विभाग को शिकारी वन्यजीवों के आतंक पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे।

!-- Google tag (gtag.js) -->