देहरादून। देश के पूर्वोत्तर राज्य नागालैंड और वहां के लोगों के विविध पहलुओं को दर्शाती छाया चित्रों की एक प्रदर्शनी का शुभारम्भ आज प्रातः 11:30 बजे दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में किया गया. पद्मश्री से सम्मानित, प्रसिद्ध हिमालयी और वन्यजीव छायाकार अनूप साह तथा एस. एस. रसाइली, आईएफएस, अतिरिक्त प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (सेवानिवृत्त) के संयोजन में यह प्रदर्शनी आयोजित हुई है। इस अद्भुत छाया चित्रों की प्रदर्शनी का शुभारम्भ उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष मेजर जनरल आनंद सिंह रावत (सेवानिवृत्त) वाईएसएम, एसएम, वीएसएम ने किया. यह प्रदर्शनी 25 -30 मार्च, 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11:00 से शाम 5 बजे तक तृतीय तल में आम जन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। प्रदर्शनी के शुभारम्भ के बाद अनेक छायाकारों, प्रकृति चित्र प्रेमियों, लेखक, साहित्यकारों तथा प्रबुद्ध जनों ने इसका अवलोकन किया और इन अद्भुत छाया चित्रों की भरपूर सराहना की. पद्मश्री अनूप साह व पूर्व में वरिष्ठ वन अधिकारी रहे एस एस रसायली ने नागालैंड पर आधारित इस प्रस्तुति के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि हम दर्शकों के साथ उस राज्य की यात्रा करने की अपनी खुशी और आनंद को साझा करना चाहते हैं जिसके बारे में हमें बहुत कम जानकारी है. नागालैंड की समृद्ध और अनूठी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए हमने पूर्वोत्तर के अपने भाइयों और बहनों के बारे में बनी रूढ़िवादी धारणाओं को बदलने का प्रयास किया है. हमारा यह भी प्रयास रहेगा कि नागालैंड में भी इसी तरह का एक कार्यक्रम आयोजित करें. ताकि उन्हें हमारे राज्य की संस्कृति और विरासत से परिचित कराया जा सके। लोगों के बीच संपर्क मजबूत करें और आपसी समझ और विश्वास को बढ़ावा दें। प्रदर्शनी के दौरान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष मेजर जनरल आनंद सिंह रावत (सेवानिवृत्त) वाईएसएम, एसएम, वीएसएम ने भी सम्बोधित किया और कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से एक दूसरे क्षेत्र के समाज, लोगों उनकी बोली भाषा, रहन सहन,खानपान व संस्कृति की जानकारी मिलती है.

इस दौरान दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के मानद निदेशक एन. रवि. शंकर, डॉ. पंकज नैथानी, चन्द्रशेखर तिवारी, जेबी गोयल, डॉ. डी.के. पाण्डे, सुंदर बिष्ट, पूर्व वरिष्ठ वन अधिकारी, जयराज, कर्नल डिमरी, सुप्रसिद्धपर्वतारोही चन्द्र प्रभा ऐतवाल, डॉ. लालता प्रसाद, शूरवीर सिंह रावत, कुसुम नौटियाल, रजनीश जोशी, विनोद सकलानी, योगिता थपलियाल आदि साहित कई लोग उपस्थित रहे.
