देहरादून। नगर निगम देहरादून के निर्माण विभाग द्वारा वार्ड 33, यमुना कॉलोनी में निर्मित होने जा रहे सामुदायिक केंद्र का आज विधिवत उद्घाटन महापौर सौरभ थपलियाल द्वारा, वार्ड पार्षद संजय सिंघल की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की सम्मानित जनता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि सामुदायिक केंद्र किसी भी क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यह केंद्र स्थानीय निवासियों के लिए विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख स्थल बनेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ ऐसे विकास कार्य किए जाएं, जो सीधे जनता के जीवन को सरल और सशक्त बनाएं। वार्ड पार्षद संजय सिंघल ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सामुदायिक केंद्र के निर्माण से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। यह केंद्र क्षेत्र में सामाजिक एकता और सहभागिता को और अधिक मजबूत करेगा। महापौर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि जल्द ही यह केंद्र आम जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध हो सके। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए नगर निगम एवं महापौर का धन्यवाद ज्ञापित किया।

