प्रशासन की अनदेखी से नाराज पर्यटन करोबारी, 25 अप्रैल को बंद का ऐलान

यात्रियों की संख्या तय करने से कारोबार पर पड़ रहा सीधा असर
लगातार ज्ञापन के बावजूद नहीं हुई समस्याओं पर कार्रवाई
हरिद्वार। संयुक्त मोर्चा पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी कर अपनी मांगों के समर्थन में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। कारोबारियों का आरोप है कि शासन-प्रशासन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहा है। जिससे पर्यटन पर निर्भर व्यवसाय पर बुरा असर पड़ रहा है।

मोर्चा अध्यक्ष विजय शुक्ला ने कहा कि पिछले दो वर्षों से विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या सीमित करने का निर्णय पर्यटन व्यवसाय के लिए घातक साबित हो रही है। इससे होटल, ढाबा, ट्रांसपोर्ट और अन्य संबंधित कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों को बैठकों में बुलाया जरूर जाता है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता। पहले ही अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में गैस सिलेंडर की किल्लत और अन्य आर्थिक कारणों से कारोबार प्रभावित है, ऐसे में यात्रियों की संख्या सीमित करने से स्थिति और बिगड़ जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो 25 अप्रैल को चारधाम यात्रा मार्गों पर आंदोलन कर बंद किया जाएगा।

इस दौरान इकबाल सिंह, संजय शर्मा, हरीश भाटिया, निर्मल सिंह, देवेंद्र सिंह, चेतन सुधार, बंटी भाटिया, पुष्प्रीत तनेजा, कर्मवीर सिंह, जावेद, चंद्रकांत शर्मा, अरविंद खनेजा, इरफान, सोनू, विपिन सैनी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->