शहर में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए एक व्यापक एवं सघन फॉगिंग अभियान का शुभारंभ

देहरादून । नगर निगम देहरादून ने शुक्रवार को शहर में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम हेतु एक व्यापक एवं सघन फॉगिंग अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान की औपचारिक शुरुआत महापौर सौरभ थपलियाल के कर-कमलों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई।
माननीय महापौर महोदय ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम का यह प्रयास शहरवासियों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे खतरनाक रोगों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फॉगिंग कार्य को नियमित, व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से प्रत्येक वार्ड में संचालित किया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में लापरवाही न हो और संपूर्ण शहर को इसका लाभ मिल सके।
नगर निगम द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार, इस अभियान के अंतर्गत सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग कराई जाएगी। इसके लिए टाटा जेनॉन वाहनों, ई-रिक्शा तथा मैनुअल हैंडहेल्ड मशीनों का उपयोग किया जाएगा, जिससे संकरी गलियों एवं दुर्गम क्षेत्रों तक भी प्रभावी ढंग से फॉगिंग सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य विभाग एवं स्वच्छता टीमों को भी इस अभियान के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के नगर निगम द्वारा पूरे शहर के 100 वार्डों के लिए 5 बड़ी फॉगिंग मशीनों एवं पर्याप्त छोटी (हैंडहेल्ड) मशीनों की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में समयबद्ध एवं व्यापक स्तर पर फॉगिंग कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
नगर निगम प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों एवं मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही, नियमित मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन की व्यवस्था की गई है, जिससे अभियान की प्रभावशीलता बनी रहे।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में माननीय पार्षद भूपेंद्र सिंह कठैत, मीनाक्षी नौटियाल, प्रशांत डोभाल, महेंद्र सिंह रावत, वैभव अग्रवाल, अमित भंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान, अन्य अधिकारीगण एवं समस्त मुख्य सफाई निरीक्षक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा नागरिकों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे अपने घरों एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कहीं भी जलभराव न होने दें, कूलर, गमलों एवं टंकियों का पानी नियमित रूप से बदलें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने में सक्रिय सहयोग करें। नगर निगम देहरादून भविष्य में भी इस प्रकार के जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखेगा, जिससे शहर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

!-- Google tag (gtag.js) -->