चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब स्थानीय युवाओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू हो गया है। खास बात यह है कि धरने की अगुवाई भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष एवं थराली युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय जोशी और भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष कैलाश जोशी कर रहे हैं। यानी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर भाजपा के युवा कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन की राह पर उतर आए हैं।
थराली युवा संघर्ष समिति के बैनर तले धरने पर बैठे युवाओं ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर स्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन बार-बार आवाज उठाने के बावजूद धरातल पर कोई ठोस सुधार नजर नहीं आ रहा है। दरअसल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली का मुद्दा कोई नया नहीं है। इससे पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापनों के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया जा चुका है। इसके बावजूद अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति भी नहीं हो सकी। नतीजतन, क्षेत्र के मरीजों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
अस्पताल की व्यवस्थाएं समय-समय पर गंभीर सवालों के घेरे में भी रही हैं। कभी अल्ट्रासाउंड सुविधा के अभाव में गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर जाना पड़ता है, तो कभी आवश्यक संसाधनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को रेफर करना पड़ता है। यहां तक कि अस्पताल के बेड पर आवारा कुत्ते के आराम फरमाने का वायरल वीडियो भी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा का विषय बना था। गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चेपड़ो में आयोजित शहीद भवानी दत्त जोशी मेले के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुधार को लेकर घोषणा की थी। लेकिन आंदोलनकारियों का आरोप है कि लंबे समय बाद भी उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं हो पाई हैं। यही वजह है कि अब भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी धरने पर बैठने को मजबूर हैं।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। धरने में संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष पवन रावत, हरीश चंदोला, केदार पंत, योगेश देवराड़ी, सावन बिष्ट, पवन देवराड़ी, पूर्व प्रधान मुकेश पुरोहित सहित अन्य युवा शामिल रहे।
वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के नेता मोहन राम आर्य ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने युवाओं की मांगों को जायज बताते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। अब सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर शुरू हुआ यह अनिश्चितकालीन आंदोलन शासन-प्रशासन की नींद तोड़ेगा या फिर थराली की जनता को एक बार फिर आश्वासनों के सहारे ही इंतजार करना पड़ेगा।

