दो वरिष्ठ महिला नेत्रियों समेत निर्दलीय नेता भाजपा में शामिल

देहरादून। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कांग्रेस की दो वरिष्ठ महिला नेत्री और एक निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस की पूर्व नेत्री मीना शर्मा और लक्ष्मी राणा ने भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने कांग्रेस में लंबे समय तक संघर्ष किया, लेकिन नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर पार्टी के रुख से आहत होकर भाजपा में शामिल हुईं।
इसके अलावा घनसाली विधानसभा सीट से पिछला चुनाव निर्दलीय लड़ चुके अनुसूचित जाति के नेता दर्शन लाल भारती ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
भट्ट ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी जनता को गुमराह करती रही है, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस के कई और नेता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

!-- Google tag (gtag.js) -->