जमकर चले लात-घूंसे और बेल्ट, सड़क पर हुआ हंगामा
रुद्रपुर । उधम सिंह नगर जनपद के जसपुर कोतवाली क्षेत्र में आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। जिसमें लात-घूंसे और बेल्ट तक चले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुर रोड स्थित एक बगीचे में कुछ लोग आम तोड़ रहे थे। आरोप है कि बगीचे के मालिक ने इसका विरोध किया और लोगों को आम तोड़ने से रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि विवाद के दौरान पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं और हंगामे का हिस्सा बनी हुई थीं। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की, लात-घूंसे और बेल्ट से मारपीट होती रही। घटना के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच शुरू कर दी है।
जसपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडे ने बताया सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने और किसी भी विवाद की स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

