देहरादून। DAV (PG) कॉलेज देहरादून के छात्र संघ चुनाव को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं द्वारा आज एसएसपी कार्यालय, देहरादून में एक अनोखा विरोध एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्र संघ चुनाव के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की भूमिका से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को चुनावी लाभ मिला तथा ABVP प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। इसी के विरोध में NSUI कार्यकर्ताओं ने एसएसपी देहरादून के गैरमौजूदगी में एसएसपी कार्यालय में उपस्थित पुलिस को प्रतीकात्मक रूप से मिठाई खिलाकर “आभार एवं सम्मान” व्यक्त किया।
NSUI कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया से जुड़े होते हैं। संगठन ने चुनाव प्रक्रिया में प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच एवं पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनका यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। NSUI ने स्पष्ट किया कि छात्र हितों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट जी,नगर निगम पार्षद रोबिन त्यागी जी एवं आयुष गुप्ता जी,पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डीएवी पीजी कॉलेज सिद्धार्थ अग्रवाल जी,जिलाउपाध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रियांशु गौड़ जी,छात्रनेता सौरभ सेमवाल जी सहित कई एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

