ब्राह्मण समाज महासंघ की बैठक में भगवान परशुराम जन्मस्थली के विकास एवं ब्राह्मण कल्याण परिषद गठन संबंधी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

देहरादून। राजधानी दून में शनिवार को ब्राह्मण समाज महासंघ की महत्वपूर्ण बैठक महासंघ के संयोजक ओ.पी. वशिष्ठ जी के केनाल रोड स्थित निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र व्यास ने की। बैठक में ब्राह्मण समाज महासंघ के संयोजक एवं वैदिक ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष आचार्य पंडित पवन शर्मा का विशेष मार्गदर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त हुआ। बैठक में समाजहित एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा सर्वसम्मति से अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि उत्तराखंड सरकार से भगवान परशुराम की जन्मस्थली, महर्षि जमदग्नि आश्रम एवं उनसे जुड़े अन्य पौराणिक एवं धार्मिक स्थलों के संरक्षण, जीर्णोद्धार एवं समुचित विकास हेतु विशेष कार्ययोजना बनाने का अनुरोध किया जाएगा, जिससे देवभूमि की इस अमूल्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही उत्तराखंड ब्राह्मण कल्याण परिषद/ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। महासंघ का मत रहा कि इस परिषद के गठन से ब्राह्मण समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए संस्थागत स्तर पर प्रभावी कार्य किए जा सकेंगे। बैठक में महासंघ से जुड़ी छह घटक सभाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें वैदिक ब्राह्मण सभा, गुर्जर गौड़ ब्राह्मण सभा, मोहियाल सभा देहरादून, मोहियाल सभा देहरादून (प्रेमनगर), पंजाबी ब्राह्मण सभा तथा भ्राता ब्राह्मण सभा के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए समाजहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए तथा सर्वसम्मति से पारित प्रस्तावों का समर्थन किया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि उपर्युक्त दोनों प्रस्ताव राज्य सरकार को प्रेषित किए जाएंगे। महासंघ ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यवाही करेगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->