दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में की 14 लाख की लूट

24 घंटे में तीन आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
देहरादून। राजधानी देहरादून में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रेश अस्पताल के पास दिनदहाड़े हुई 14 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। गौर हो कि 7 नवंबर को राजेश कुमार सोनी प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये नकद लेकर अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान इंद्रेश अस्पताल के पास एक्टिवा और बाइक सवार 4-5 युवकों ने उनके वाहन को रोककर मारपीट की और पीछे की सीट पर रखा नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की थीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से तीन आरोपियों को अल्का डेयरी से मेहूंवाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि दिनेश तिवारी प्लॉट के सौदे के लिए भारी नकदी के साथ कुछ व्यक्तियों से मिलने जा रहा है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से लूट की योजना बनाई और इन्द्रेश अस्पताल के पास आरोपियों ने राजेश कुमार सोनी,दिनेश तिवारी, ओमकार ओर गुरविंदर के साथ मारपीट करते हुए उनके वाहन में रखे 14 लाख रुपए लूट लिए। साथ ही आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। साथ ही इस लूट में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।