चमोली (प्रदीप लखेड़ा)। नन्दासैंण मेले के समापन पर पर्यावरण रैली निकालकर दिया संरक्षण का संदेश, सरिता बेनौला के गीतों को सुनने उमड़ी लोगों की भीड़। पर्यावरण संवर्द्धन, पर्यटन एवं विकास मेला नन्दासैंण के समापन दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मैती संस्था के संस्थापक कल्याण सिंह रावत तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य विशंभरि देवी और कनिष्ठ प्रमुख गैरसैंण हरदेव सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राजकीय इंटर कॉलेज चौरसैंण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चौरसैंण और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुनगांव के विद्यार्थियों की ओर से निकाली गई पर्यावरण जागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, महिला मंगल दल देवलकोट की ओर से प्रस्तुत भोटिया नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विद्यालयी स्तरीय सीनियर वर्ग की लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें राजकीय इंटर कॉलेज नैनी ने प्रथम, एसजीआरआर देवलकोट ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज चौरसैंण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेले के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 प्रतिभाओं को मेला समिति की ओर से नंदा गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में राजेश्वरी पंवार और मुकेश कुंवर, खेल प्रशिक्षक के रूप में भूपेंद्र डुंगरियाल, संगीत के क्षेत्र में सरिता बेनौला, पारंपरिक संगीत (पंडवाणी गायन) में गिरीश नेगी और गोपाल सिंह तथा पारंपरिक संगीत वादन में गोपाल सिंह रावत को सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेल के क्षेत्र में पुष्कर सिंह भंडारी, पवन सिंह नेगी और खुशबू, मेले के सफल संचालन में निस्वार्थ सहयोग के लिए याकूब मियां, स्वरोजगार के क्षेत्र में संतोष नेगी तथा श्रेष्ठ छात्र के रूप में ऋषभ मलेठा को नंदा गौरव सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में लोकगायिका सरिता बेनौला की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। उनके गीतों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। लोकगीतों की मधुर धुनों के बीच मेले का समापन हुआ। राजेंद्र सिंह नेगी, भरत सिंह रावत, मुकेश नेगी, राजेन्द्र नेगी, अध्यक्ष विनोद मालई, अर्जुन सिंह भंडारी, रोहित टम्टा, हिमांशु चौधरी, रेवत सिंह नेगी, राहुल चौहान, ललित कुमार, कर्ण सिंह रावत आदि अन्य सामाजिक कार्यकर्ता व मातृशक्ति मौजूद रहे।

