भालू के आतंक पर वन मंत्री से मिले जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, हिंसक भालू को मारने की अनुमति देने की उठाई मांग

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )। चमोली जिले के विकासखंड पोखरी की खदेड़ पट्टी के करीब 10 से 12 गांवों में लगातार बढ़ रहे भालू के आतंक और मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने उत्तराखंड सरकार के वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से भालू का आतंक बना हुआ है। भालू के हमलों में अब तक दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
लक्ष्मण सिंह खत्री ने बताया कि उन्होंने प्रभावित गांवों का स्थलीय भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं को करीब से समझा है। उन्होंने वन मंत्री से मानव जीवन के लिए खतरा बने हिंसक भालू को मारने (शूट आउट) के लिए नियमानुसार तत्काल अनुमति एवं आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की।इसके साथ ही उन्होंने प्रभावित गांवों की जंगल से लगी सीमाओं पर सोलर फेंसिंग लगाने के लिए विशेष बजट स्वीकृत करने, वन्यजीवों के हमलों में घायल लोगों के संपूर्ण उपचार का खर्च सरकार एवं वन विभाग द्वारा वहन करने तथा मृतकों के आश्रित परिवारों और घायलों को उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग उठाई।
उन्होंने वन्यजीवों के हमलों में गाय, बैल सहित अन्य पशुधन को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने और प्रभावित गांवों में वन विभाग की ओर से प्रत्येक गांव के दो-दो स्थानीय युवाओं को मानदेय पर नियुक्त कर विशेष सुरक्षा एवं निगरानी टीम गठित करने का भी आग्रह किया। खत्री ने कहा कि पहाड़ के ग्रामीण लगातार जंगली जानवरों के आतंक के साये में जीवन जीने को मजबूर हैं। जनता की सुरक्षा और जनहित उनके लिए सर्वोपरि है। राजनीति से बढ़कर लोगों का जीवन और सुरक्षा है। क्षेत्र के अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति की सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।