रुद्रपुर। बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। महेशपुरा कट के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और बच्चा कार के साथ कई फीट तक घिसटते चला गया। इतना ही नहीं, हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार भी इसकी चपेट में आ गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो अब मीडिया पर तेजी से चल रहा है। हादसे को लेकर काशीपुर के एसपी स्वप्निक किशोर ने भी जानकारी दी है। जानकारी के अनुसार, बीते रोज बाजपुर के महेशपुरा कट के पास नेशनल हाईवे-74 पर एक बाइक सवार सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और उसके साथ मौजूद बच्चा कार के अगले हिस्से के साथ कई फीट तक घिसटते चले गए। अचानक हुए इस भीषण हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। वहीं, इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार भी दुर्घटना की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में घायल बाजपुर निवासी 27 वर्षीय यामीन और बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार जारी है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर के बाद बाइक सवार युवक और बच्चा कई फीट तक घिसटते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर काशीपुर के पुलिस अधीक्षक स्वप्निक किशोर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया घटना के संबंध में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

