देहरादून : पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित सैनिक सम्मेलन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 26 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसएसपी ने पुलिस कर्मियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का इसी तरह ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते रहें। उन्होंने बेहतर कार्य करने वालों की सराहना करते हुए अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित किया।
सम्मानित किए गए कर्मियों में विभिन्न थाना क्षेत्रों और शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे, जिनमें राजपुर, क्लेमेंटाउन, रायवाला, ऋषिकेश, डालनवाला, पटेलनगर, सहसपुर, विकासनगर, नेहरू कॉलोनी, बसंत विहार, प्रेमनगर, डोईवाला समेत यातायात, एसओजी, एलआईयू, दूरसंचार और अग्निशमन विभाग के कर्मी भी शामिल हैं।

