देहरादून : राजधानी में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ आए आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय ही अंधेरा छा गया और रात्रि जैसा नजारा देखने को मिला।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 4 और 5 मई को पूरे उत्तराखण्ड में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। इस दौरान आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। पर्वतीय जिलों में भी 5 मई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 2 से 6 मई तक अन्य जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग और प्रशासन ने सभी जनपदों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, ट्रेकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साथ ही सड़कों की बहाली और आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

