उर्गम घाटी में 5 जून से सजेगा 29वां गौरा देवी पर्यावरण मेला, तैयारियाँ पूरीं

चमोली: जनपद चमोली के ज्योतिर्मठ कल्प क्षेत्र भरकी, उर्गम की पावन धरती पर 5 जून से 29वें गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन विकास मेले का भव्य आगाज होने जा रहा है। पंच केदार कल्पेश्वर और पंच बद्री में शामिल ध्यान बद्री के इस पवित्र धाम में आयोजित होने वाले दो दिवसीय मेले को लेकर घाटी के ग्रामीणों और आयोजकों द्वारा सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
घाटी के निवासियों द्वारा हर वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर 5 और 6 जून को इस विशेष मेले का आयोजन किया जाता है। मेले का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना और क्षेत्र में प्रकृति पर्यटन (इको-टूरिज्म) को बढ़ावा देना है।
इस प्रतिष्ठित आयोजन के मुख्य संयोजक के रूप में सामाजिक संगठन जय नंदा देवी स्वरोजगार शिक्षण संस्थान (जनदेश) कल्प क्षेत्र द्वारा अग्रणी भूमिका निभाई जा रही है। संगठन और स्थानीय ग्रामीणों के आपसी सहयोग से इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है।
29वें गौरा देवी मेले को लेकर पूरे उरगम क्षेत्र में भारी उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस मेले में पर्यावरण गोष्ठियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से प्रकृति और संस्कृति के अनूठे संगम को प्रदर्शित किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने पर्यावरण प्रेमियों से इस मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

!-- Google tag (gtag.js) -->