देहरादून। शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पूज्य स्वामी रसिक महाराज के सानिध्य में उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से शिष्टाचार भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय के समक्ष शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को विस्तारपूर्वक रखते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से योग्य एवं प्रशिक्षित अभ्यर्थी रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, इसलिए सरकार को शीघ्र भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर युवाओं को न्याय प्रदान करना चाहिए।
इस अवसर पर स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि प्रदेश के योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार बेरोजगार प्रशिक्षकों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र उचित निर्णय लेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी मांगों पर नियमानुसार सकारात्मक एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से शीघ्र निर्णय लेकर शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों के हित में ठोस कदम उठाने की अपेक्षा व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल मंडल में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडे सुमन सिंह नेगी, भुवनेश विष्ट, नवनीत चौहान आदि शामिल रहे।

