विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह में मदवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
सीडीओ ने विभागों की कार्ययोजना की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

देहरादून। जिला योजना वर्ष 2026-27 की संरचना एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विभागों को अनुमोदित धनराशि के सापेक्ष योजनाओं व मदवार प्रस्तावों की समीक्षा की गई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित जिला योजनाओं की मदवार कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला योजना में जनोपयोगी एवं आमजन से सीधे जुड़े प्रस्तावों को सर्वाच्च प्राथमिकता दी जाए। स्वरोजगार योजनाओं, चालू परियोजनाओं व नवाचार आधारित कार्यक्रमों को भी कार्ययोजना में शामिल कर बजट का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, प्रारंभिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, युवा कल्याण, खेल, सूचना सहित अन्य विभागों की प्रस्तावित कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। मुख्य विकास अधिकारियों ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए योजनाओं को परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशि कांत गिरि, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
