सत्यनारायण मंदिर टंकी मोड़ के समीप 400 मीटर गहरी खाई में गिरे युवक का SDRF ने किया सफल रेस्क्यू

नैनीताल । जिला कंट्रोल रूम, नैनीताल से राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) पोस्ट खैरना को सूचना प्राप्त हुई कि सत्यनारायण मंदिर टंकी मोड़, नैनीताल के समीप एक व्यक्ति गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही पोस्ट प्रभारी एएसआई महिपाल सिंह के नेतृत्व में SDRF की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम ने फायर सर्विस एवं स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में लगभग 400 मीटर गहरी खाई में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई। संयुक्त प्रयासों से घायल व्यक्ति गौरव डांगी (27 वर्ष), पुत्र केसर सिंह डांगी को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता प्रदान की गई।
रेस्क्यू के उपरांत घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय, नैनीताल भेजा गया।

!-- Google tag (gtag.js) -->